Tree:गर्मियों के मौसम में चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी से सिर्फ इंसान ही नहीं, बल्कि पेड़-पौधे भी बेहाल हो जाते हैं। तेज धूप के कारण शौक से लगाया गया बगीचा सूखने लगता है और पौधे मुरझा जाते हैं। कई लोग शिकायत करते हैं कि दिन में दो बार बाल्टी भर-भरकर पानी देने के बाद भी गमले की मिट्टी सूखी रहती है और पौधे सूख जाते हैं। दरअसल, पौधों में सिर्फ पानी डालना ही काफी नहीं है, बल्कि सही समय पर पानी देना सबसे ज्यादा जरूरी है।
बागवानी विशेषज्ञों के अनुसार, पौधों में पानी देने का सबसे सबसे अच्छा समय सुबह सूरज उगने से पहले और शाम को सूर्यास्त के समय होता है। आइए जानते हैं कि इस समय पानी देने से पौधों को क्या-क्या जादुई फायदे मिलते हैं:
1. पोषक तत्वों का तेजी से अवशोषण
सुबह जैसे ही धूप निकलती है, पौधों में वाष्पोत्सर्जन (Transpiration) की प्रक्रिया सक्रिय हो जाती है। इस प्रक्रिया में पत्तियों से पानी भाप बनकर उड़ता है, जिससे पौधे के अंदर एक खिंचाव (Suction Force) पैदा होता है। इस खिंचाव के कारण पौधे की जड़ें मिट्टी से पानी और जरूरी खनिजों को आसानी से सोखकर पूरे पौधे तक पहुंचा देती हैं। इसलिए धूप निकलने से पहले पानी देना सबसे बेस्ट है।
2. प्रकाश संश्लेषण (Photosynthesis) में मददगार
सूरज की रोशनी आते ही पौधे अपना भोजन बनाने की प्रक्रिया (प्रकाश संश्लेषण) शुरू कर देते हैं। इस काम के लिए दो चीजें सबसे जरूरी हैं—धूप और पानी। अगर आप सुबह-सुबह पानी देते हैं, तो पौधों को भरपूर पानी मिलता है और उनका भोजन बनाने का काम बिना किसी रुकावट के चलता रहता है।
3. फंगल इन्फेक्शन (Fungus) से बचाव
अगर आप सुबह के समय पानी देते हैं और गलती से कुछ पानी पत्तियों या तनों पर गिर भी जाता है, तो दिन की धूप से वह जल्दी सूख जाता है। इसके विपरीत, यदि आप रात या देर शाम को बहुत ज्यादा पानी देते हैं, तो पत्तियां लंबे समय तक गीली रहती हैं। नमी के कारण पौधों में फंगस (छत्रक) और हानिकारक बैक्टीरिया पनपने का खतरा बढ़ जाता है। सुबह पानी देने से पौधे फंगस से सुरक्षित रहते हैं।
4. पानी की बर्बादी पर रोक
यदि आप दोपहर की कड़ी धूप में पौधों में पानी डालते हैं, तो गर्म मिट्टी के कारण अधिकांश पानी जड़ों तक पहुंचने से पहले ही भाप बनकर उड़ जाता है। वहीं दूसरी ओर, सुबह के समय मिट्टी ठंडी होती है, जिससे पानी धीरे-धीरे मिट्टी की गहराई तक जाता है और जड़ें उसका पूरा इस्तेमाल कर पाती हैं।
5. हीट स्ट्रेस (Heat Stress) से सुरक्षा
सुबह के समय पानी मिलने से पौधों की कोशिकाएं (Cells) पूरी तरह हाइड्रेटेड हो जाती हैं। इससे पौधों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और दोपहर की भीषण गर्मी में भी वे मुर्झाते नहीं हैं। सुबह का पानी उन्हें तेज धूप बर्दाश्त करने की ताकत देता है।
महत्वपूर्ण टिप: पौधों में पानी देने का सबसे आदर्श समय सुबह 8 से 9 बजे से पहले का है। इसके बाद जब शाम को धूप ढल जाए, तब दोबारा पानी दें। हालांकि, अगर दोपहर में आपको लगे कि कोई पौधा गर्मी से बिल्कुल सूख रहा है या झुलस रहा है, तो आप उसकी जड़ों में हल्का पानी दे सकते हैं और पत्तियों पर पानी का छिड़काव (Mist) कर सकते हैं।





